Advertisement

कांग्रेस ने खोला संगठन विस्तार का मोर्चा, भाजपा को पहला झटका; पूर्व प्रत्याशी बृजलाल 250 समर्थकों संग शामिल

Spread the love


प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार का दावा- एक महीने में 8 से 10 हजार लोग थामेंगे कांग्रेस का दामन, संगड़ाह में धनबल से जीत का लगाया आरोप

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने अपने बहुप्रतीक्षित संगठन विस्तार अभियान का आगाज करते ही भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका दे दिया। राजधानी शिमला स्थित राजीव भवन में अभियान के पहले ही दिन रामपुर से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी रहे बृजलाल ने अपने करीब 250 समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थाम लिया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष #Vinay_Kumar, लोक निर्माण मंत्री #Vikramaditya_Singh समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


कांग्रेस ने इस अभियान को आगामी राजनीतिक रणनीति का बड़ा हिस्सा बताते हुए साफ संकेत दिए हैं कि पार्टी अब बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने दावा किया कि यह महज शुरुआत है और आने वाले एक महीने में प्रदेशभर से 8 से 10 हजार लोग कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष है और उसका असर अब खुलकर सामने आने लगा है।


संगठन विस्तार अभियान के मंच से विनय कुमार ने सिरमौर के संगड़ाह पंचायत समिति अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद भाजपा ने धनबल के सहारे समीकरण बदल दिए। उनका कहना था कि आठ सदस्यों का समर्थन कांग्रेस के पास था, लेकिन क्रॉस वोटिंग करवाई गई और इसमें धनबल का इस्तेमाल हुआ। उन्होंने कहा कि जनता का जनादेश कांग्रेस के साथ है, लेकिन भाजपा सत्ता और संसाधनों का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है।

इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत करना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है और कांग्रेस इसी दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बृजलाल का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि रामपुर हमेशा कांग्रेस की मजबूत धरती रही है और आने वाले समय में यह और मजबूत होगी। विक्रमादित्य सिंह ने संकेत दिए कि रामपुर से भाजपा के कुछ और बड़े चेहरे भी उनके संपर्क में हैं, जो जल्द कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।


विक्रमादित्य सिंह ने अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री #Virbhadra_Singh के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि रामपुर क्षेत्र में कांग्रेस की जड़ें विकास और जनविश्वास के दम पर मजबूत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री #Sukhvinder_Singh_Sukhu के नेतृत्व में रामपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जो क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाले साबित होंगे।


वहीं कांग्रेस में शामिल हुए बृजलाल ने कहा कि उनका राजनीतिक मूल हमेशा कांग्रेस विचारधारा से जुड़ा रहा है, लेकिन परिस्थितियों में भाजपा में गए थे। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब वह कार्यकर्ताओं की नहीं बल्कि नेताओं की पार्टी बनकर रह गई है। बृजलाल ने पूर्व मुख्यमंत्री #Shanta_Kumar के बयान का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा में आज कई नेता मुख्यमंत्री बनने की होड़ में लगे हैं और कार्यकर्ताओं की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह की कार्यशैली और जनसरोकारों से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में वापसी का फैसला लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *