Advertisement

शिमला में 26 नवंबर से आसमान में दिखेगा रोमांच, रिज पर सजेगा पर्यटन कारोबार का मेला

Spread the love

जुन्गा में पैराग्लाइडिंग, 29 नवंबर को 30 किलोमीटर की साइक्लोथॉन; 30 नवंबर से रिज मैदान पर चार दिवसीय हॉस्पिटैलिटी एक्सपो


शिमला। राजधानी शिमला में पर्यटन को नई पहचान देने और पर्यटकों को शहर व कुफरी से आगे नए पर्यटन स्थलों तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके लिए 26 नवंबर से चौथा शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2026 आयोजित किया जाएगा। आठ दिन तक चलने वाले इस आयोजन में आसमान में पैराग्लाइडिंग का रोमांच, पहाड़ी रास्तों पर साइक्लिंग और रिज मैदान पर पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी कारोबार की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। आयोजन का उद्देश्य हिमाचल को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के साथ पर्यटन क्षेत्र में नए व्यावसायिक अवसर पैदा करना है।


आयोजन की शुरुआत 26 से 28 नवंबर तक जुन्गा स्थित द ग्लाइड इन में फ्लाइंग फेस्टिवल के साथ होगी। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे। तीन दिन तक चलने वाले इस फेस्टिवल में पैराग्लाइडिंग और अन्य हवाई एडवेंचर गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पर्यटकों को विशेष रूप से 500 रुपये में टैंडम पैराग्लाइडिंग का अनुभव उपलब्ध करवाने की योजना है। इसके जरिए अधिक से अधिक पर्यटकों को एडवेंचर गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।


जुन्गा को पर्यटन मानचित्र पर लाने की तैयारी


द ग्लाइड इन जुन्गा के सीईओ अरुण रावत के अनुसार आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिमला आने वाले पर्यटकों को शहर और कुफरी से आगे जुन्गा जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंचाना है। उनका कहना है कि शिमला आने वाले अधिकांश पर्यटक शहर और कुफरी तक ही सीमित रह जाते हैं, जबकि आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन की काफी संभावनाएं मौजूद हैं। जुन्गा में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों और कारोबारियों के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।


जुन्गा से कोटी और अश्वनी ब्रिज तक होगी साइक्लिंग


फ्लाइंग फेस्टिवल के बाद 29 नवंबर को ‘व्हील्स टू विंग्स’ थीम पर 30 किलोमीटर की साइक्लोथॉन आयोजित होगी। इसका शुभारंभ हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीजीपी अशोक तिवारी करेंगे। साइक्लोथॉन द ग्लाइड इन जुन्गा से शुरू होकर जुन्गा, कोटी और अश्वनी ब्रिज के खूबसूरत रास्तों से गुजरते हुए वापस आयोजन स्थल पर संपन्न होगी। इसके माध्यम से फिटनेस, साहसिक खेलों और स्पोर्ट्स टूरिज्म को प्रोत्साहित किया जाएगा।


रिज पर जुटेंगे होटल, होमस्टे और पर्यटन कारोबारी


आयोजन का तीसरा चरण 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक रिज मैदान पर आयोजित होने वाला हॉस्पिटैलिटी एक्सपो होगा। इसका उद्घाटन राज्यपाल करेंगे। एक्सपो में होटल, होमस्टे, टूर ऑपरेटर, एडवेंचर स्पोर्ट्स कंपनियां, इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता, नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कारोबारी, टेक्नोलॉजी स्टार्टअप और एमएसएमई उद्यमी हिस्सा लेंगे।


भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस एक्सपो में कारोबारियों को अपने उत्पादों और सेवाओं के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। साथ ही नए ग्राहकों से जुड़ने, नेटवर्किंग और कारोबार विस्तार के लिए भी मंच उपलब्ध होगा।
पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
आयोजकों के अनुसार आयोजन को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग, एमएसएमई विभाग और जिला प्रशासन शिमला का सहयोग मिल रहा है।

इसका मकसद एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उद्यमियों, निवेशकों, पर्यटन कारोबारियों और पर्यटकों को एक मंच पर लाना है। इससे शिमला के पर्यटन दायरे को विस्तार देने और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।