एनएचएआई की अधूरी छह सीढ़ियां पूरी करवाने की मांग, पंचायत ने एसडीएम को सौंपी शिकायत; सरकारी भूमि पर रास्ता होने का दावा, अवरोध हटाने की मांग
शिमला। घणाहट्टी में पुराने बाजार और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की ओर जाने वाले पारंपरिक रास्ते को लेकर विवाद गहरा गया है। रास्ते पर आवाजाही में आ रही बाधा के चलते स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले में ग्राम पंचायत घणाहट्टी ने एसडीएम शिमला ग्रामीण को शिकायत सौंपकर रास्ते से अवरोध हटाने और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से अधूरी छोड़ी गई सीढ़ियों का निर्माण जल्द पूरा करवाने की मांग उठाई है।
ग्राम पंचायत प्रधान रोशन लाल ठाकुर के अनुसार, यह रास्ता राजाओं के समय से इस्तेमाल में है और आज भी बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। स्कूली बच्चों के अलावा बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह रास्ता बेहद महत्वपूर्ण है। इसके समीप पंजाब नेशनल बैंक भी स्थित है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही के बीच पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
प्रधान ने बताया कि एनएचएआई की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सुरक्षा दीवार के साथ सीढ़ियों का निर्माण करवाया गया है, लेकिन अभी छह सीढ़ियों का निर्माण शेष है। पंचायत का आरोप है कि कुछ स्थानीय लोगों की ओर से निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है। इसके चलते अधूरा रास्ता लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है।
पंचायत की शिकायत के मुताबिक, चार नवंबर को राजस्व विभाग की टीम ने खसरा नंबर 1152, 1027 और 1159 सहित संबंधित भूमि की निशानदेही की थी। पंचायत का दावा है कि निशानदेही में रास्ता सरकारी भूमि पर पाया गया था और मौके पर निशान भी लगाए गए थे। इसके बावजूद रास्ते को लेकर विवाद और निर्माण में बाधा की स्थिति बनी हुई है।
पंचायत ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर रास्ते में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और एनएचएआई को शेष छह सीढ़ियों का निर्माण जल्द पूरा करवाने के निर्देश देने की मांग की है। पंचायत का कहना है कि रास्ता सुचारू होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के बीच चलने की मजबूरी से राहत मिलेगी और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।












