Advertisement

जवाली में मां-बेटी की संदिग्ध हालात में मौत पर CWC सख्त, पुलिस से मांगी स्टेट्स रिपोर्ट

Spread the love


नवीं कक्षा की छात्रा की मौत से बाल कल्याण समिति गंभीर, नाबालिग बेटे की हालत नाजुक; कानूनी कार्रवाई के निर्देश


धर्मशाला। कांगड़ा जिला के जवाली विधानसभा क्षेत्र की पंचायत धेवा में मां और नाबालिग बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। इस संवेदनशील प्रकरण में जिला बाल कल्याण समिति (CWC) धर्मशाला ने स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस थाना जवाली से प्रारंभिक जांच की स्टेट्स रिपोर्ट तलब की है। साथ ही मामले में उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।


शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी सामने आते ही जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा तथा समिति सदस्य विजय शर्मा और नरेष्ठा कुमारी ने मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई। समिति अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पंचायत धेवा में रहने वाले एक परिवार ने रात को एक साथ भोजन किया था। इसके बाद महिला अपने बेटे और बेटी के साथ कमरे में सो गई, जबकि उसका पति दूसरे कमरे में चला गया।


सुबह जब पति उठा तो उसने पत्नी और नवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी को मृत अवस्था में पाया। वहीं परिवार का नाबालिग बेटा गंभीर हालत में उल्टियां करता मिला। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत जवाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।


घटना में नाबालिग बच्चों के प्रभावित होने के चलते बाल कल्याण समिति ने इसे गंभीरता से लिया है। समिति का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

समिति अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता जरूरी है तथा यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।