Advertisement

हिमाचल में 7 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा

Spread the love
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, प्रदेश में 49 सड़कें बंद, 23 पेयजल योजनाएं और 3 ट्रांसफार्मर प्रभावित


शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासकर 5 से 7 जुलाई के बीच शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर और चंबा जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ सकता है।


प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन पर दिखने लगा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार शाम तक प्रदेशभर में 49 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि 23 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं और 3 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। कुल्लू, चंबा, लाहौल-स्पीति, मंडी और सिरमौर में सबसे ज्यादा असर दर्ज किया गया है।


मौसम विभाग ने किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 9 जुलाई तक तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। कृषि विशेषज्ञों ने बागवानों और किसानों को मौसम को देखते हुए खेतों और बगीचों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।


राजस्व विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मानसून सीजन में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करोड़ों रुपये की संपत्ति और फसलों का नुकसान दर्ज किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।


मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में बारिश का असर और बढ़ सकता है, ऐसे में प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।