मंत्रिमंडल विस्तार पर कहा- फैसला आलाकमान करेगा, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की वकालत
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की जनरल हाउस बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं बनेगी और उसके विधायकों की संख्या मौजूदा संख्या से भी कम रह जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ‘मिशन रिपीट’ का फैसला कोई दल नहीं, बल्कि जनता करती है।
मुख्यमंत्री ने किन्नौर कांग्रेस में जिला अध्यक्ष नियुक्ति को लेकर मंत्री जगत सिंह नेगी और नवनियुक्त जिला अध्यक्ष निगम भंडारी के बीच विवाद की चर्चाओं को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं है। विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इसे विवाद का रूप देना गलत है। दोनों नेताओं के साथ बैठकर चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जगत सिंह नेगी ने पार्टी आलाकमान पर कोई सवाल नहीं उठाया, बल्कि इस पूरे मामले को बेवजह तूल दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा बुलाई गई जनरल हाउस बैठक में भाजपा के कथित झूठे प्रचार का जवाब देने की रणनीति, संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा की जा रही है। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारी, मंत्री और संगठन के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर सुक्खू ने कहा कि कैबिनेट में एक पद खाली है और उसे भरा जाना है, लेकिन विस्तार कब होगा, इसका फैसला पार्टी आलाकमान करेगा। उन्होंने बताया कि मौसम अनुकूल रहा तो 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक प्रस्तावित है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम सभी के आराध्य हैं और उनके नाम पर श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।












