5,492 करोड़ रुपये की लागत से तैयार देश की सबसे बड़ी डीसीआर श्रेणी की एकल ईपीसी सौर परियोजना
राजस्थान, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर को मिलेगी स्वच्छ बिजली
शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के पचपदरा से एसजेवीएन की 1000 मेगावाट क्षमता वाली बीकानेर सौर विद्युत परियोजना का लोकार्पण किया। करीब 5,492 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परियोजना भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को नई मजबूती देने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
एसजेवीएन की अनुषंगी कंपनी एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (SGEL) द्वारा बीकानेर में लगभग 5,000 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह परियोजना घरेलू सामग्री आवश्यकता (DCR) श्रेणी के तहत देश की सबसे बड़ी एकल ईपीसी सौर परियोजना है। इसमें पूरी तरह स्वदेशी तकनीक और उपकरणों का उपयोग किया गया है, जिससे ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को भी बल मिला है।
परियोजना से पहले वर्ष में लगभग 2,454.84 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है, जबकि 25 वर्षों की संचालन अवधि में यह करीब 56,482.14 मिलियन यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन करेगी। इस परियोजना से उत्पादित 500 मेगावाट बिजली राजस्थान, 200 मेगावाट उत्तराखंड और 300 मेगावाट जम्मू-कश्मीर को उपलब्ध कराई जाएगी।
एसजेवीएन के अनुसार परियोजना से अपने पूरे जीवनकाल में लगभग 2.79 बिलियन किलोग्राम कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जिससे भारत के जलवायु लक्ष्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
परियोजना में करीब 24.22 लाख स्वदेशी सौर मॉड्यूल और 175 करोड़ स्वदेशी सौर सेल लगाए गए हैं। निर्माण और कमीशनिंग के दौरान 2,000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं। साथ ही सड़क, ट्रांसमिशन नेटवर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विकास हुआ है, जिससे बीकानेर क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिली है।
कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, हरदीप सिंह पुरी, अर्जुन राम मेघवाल, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
वर्तमान में एसजेवीएन की कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता 4,196.5 मेगावाट है। कंपनी 123 किलोमीटर लंबी दो ट्रांसमिशन लाइनों का भी संचालन कर रही है। बीकानेर सौर परियोजना का लोकार्पण कंपनी के स्वच्छ ऊर्जा विस्तार अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।












