Advertisement

राष्ट्रीय खेलों में 100 पदक जीतने का लक्ष्य, खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच : रोहित ठाकुर

Spread the love
पोर्टमोर स्कूल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान; स्पोर्ट्स हॉस्टल, कोच भर्ती और खिलाड़ियों की सुविधाओं के विस्तार का ऐलान


शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार ने इस वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 100 पदक जीतने का लक्ष्य तय किया है। वह शनिवार को पोर्टमोर स्कूल में हिमाचल स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।


उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल संचालित हैं तथा चौपाल और शिलाई में नए हॉस्टल खोले जाएंगे। 14 कोचों की भर्ती प्रक्रिया जारी है और स्पोर्ट्स हॉस्टलों में कुराश, ठोडो और कराटे जैसी नई खेल विधाओं को भी शामिल किया जा रहा है।


रोहित ठाकुर ने कहा कि खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 से बढ़ाकर 240 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है, जबकि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सहायता राशि 350 से बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन करने की तैयारी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गई है। उन्होंने बताया कि खेल कोटे के तहत अब तक 100 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।


शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 150 पीएम श्री विद्यालयों में म्यूजिक टीचरों की नियुक्ति की जाएगी। वर्ष 2027 तक 10 हजार शिक्षकों और प्राध्यापकों की भर्ती का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से करीब 8 हजार नियुक्तियां पहले ही की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में गुणवत्ता सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।


उन्होंने बताया कि हिमाचल ने 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर हासिल कर पूर्ण साक्षर राज्यों में स्थान बनाया है। सरकार अधिक से अधिक विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।
इस अवसर पर निदेशक उच्च शिक्षा सुनीता सिंह, निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली, राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा राजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रशिक्षक और प्रदेशभर से खिलाड़ी उपस्थित रहे।


समारोह में 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों, आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल चैंपियनशिप तथा एशियन स्कूल चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों एवं विभिन्न टीमों को सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।