जल्द कार्यकारिणी गठन, हर माह होगी समीक्षा बैठक; प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में ‘कनेक्ट सेंटर’ का भी शुभारंभ, पार्टी गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर
शिमला। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने हिमाचल में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने रविवार को राजीव भवन में महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, अनुसूचित जाति कांग्रेस और अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की।
बैठक में रजनी पाटिल ने स्पष्ट कहा कि अग्रणी संगठनों और विभागों की जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है, इसलिए उनके कामकाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संगठनों को जल्द अपनी कार्यकारिणी का गठन करने और संगठन सृजन अभियान के तहत नए तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि ऐसे कार्यकर्ताओं को संगठन में स्थान मिलना चाहिए जो पूरा समय देकर पार्टी को मजबूत कर सकें।
उन्होंने कहा कि सभी अग्रणी संगठन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। इसके लिए प्रत्येक माह तय तिथि पर सभी संगठनों और विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठकों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी, संगठन महामंत्री विनोद जिंटा सहित विभिन्न अग्रणी संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कनेक्ट सेंटर का शुभारंभ, गतिविधियों पर रहेगी ‘तीसरी आंख’ की नजर
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कनेक्ट सेंटर का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। रजनी पाटिल ने सेंटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह व्यवस्था पार्टी की गतिविधियों, कार्यक्रमों और संगठनात्मक कार्यों पर “तीसरी आंख” की तरह पैनी नजर रखेगी तथा संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, संगठन महामंत्री विनोद जिंटा, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी, कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, सचिव प्रदीप सूर्या, कनेक्ट सेंटर के प्रभारी एस.के. सहगल सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।












