रविवार को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल सहित कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु; मंदिर न्यास ने किए व्यापक प्रबंध
बिलासपुर। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दिनभर करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने मां नैना देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शक्तिपीठ पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया। पूरे मंदिर परिसर में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्री नैना देवी मंदिर न्यास ने सुरक्षा और सुविधा के व्यापक प्रबंध किए थे। मंदिर परिसर के बाहर होमगार्ड के जवानों ने भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया, जबकि मंदिर के भीतर तैनात पूर्व सैनिकों (एक्स-सर्विसमैन) ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से सुचारु दर्शन करवाए।
भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर के मुख्य प्रवेश और निकास द्वार पर पंजाब की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पानी की छबील लगाई। इससे दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली और उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं के इस प्रयास की सराहना की।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे दिन व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी गई, जिससे दर्शन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हुई।












