Advertisement

ऊना में देर रात पुलिस का विशेष अभियान, नियम तोड़ने वाले टीपर चालकों पर कसा शिकंजा

Spread the love
पांचों उपमंडलों में लगाए गए नाके, दस्तावेजों की जांच; एसपी ने क्रशर संचालकों को भी दी सख्त चेतावनी


ऊना। जिले में कानून व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए ऊना पुलिस ने रविवार देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेठ के निर्देश पर जिले के सभी पांचों उपमंडलों में एक साथ नाके लगाकर वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान शाम सात बजे के बाद प्रतिबंधित समय में संचालित हो रहे कई टीपर पुलिस के रडार पर आए, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने मैहतपुर, पड़ोगा, संतोषगढ़, गगरेट और मरवाड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों की जांच की।

चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई, लेकिन निर्धारित समय के बाद सड़क पर दौड़ रहे कई टीपर नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। पुलिस ने संबंधित टीपरों के दस्तावेजों की जांच की, जो सही पाए गए। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले कुछ चालकों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि अन्य के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेठ ने कहा कि जिले में नियमित रूप से विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेंगे और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


एसपी ने जिले के क्रशर संचालकों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि जिन टीपरों पर वैध नंबर प्लेट अंकित नहीं है, उनमें किसी भी प्रकार की सामग्री लोड न की जाए। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से नदी तटीय क्षेत्रों के समीप स्थित सभी क्रशर बारिश के कारण अस्थायी रूप से बंद हैं। यदि कोई संचालक इन आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा, कानून व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।