शिव नुआला से लौट रही निजी बस पर पहाड़ी से गिरी विशाल चट्टान, एक श्रद्धालु की मौत, पांच घायल
चंबा । हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर गैहरा के पास चलती एक निजी बस पर पहाड़ी से अचानक विशाल चट्टान गिर गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, निजी बस (HP-30A-0352) भरमौर के प्रसिद्ध चौरासी मंदिर में आयोजित शिव नुआला कार्यक्रम में शामिल होने के बाद श्रद्धालुओं को लेकर चंबा लौट रही थी। सुबह करीब 8:30 बजे जैसे ही बस गैहरा के समीप पहुंची, तभी पहाड़ी से भारी चट्टान टूटकर सीधे बस पर आ गिरी। चट्टान का एक हिस्सा बस के भीतर घुस गया, जिससे बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसा इतना भीषण था कि बस की कई सीटें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक सीट अपनी जगह से उखड़कर बस के बीच में आ गई, जिससे कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे में 21 वर्षीय साहिल ठाकुर, निवासी गरेड़ (चंबा) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार्तिक ठाकुर, गुड्डू देवी, बिंता, गिलमा देवी और बस चालक कुलविंदर सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, चंबा में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।












