Advertisement

2027 तक 10 हजार से अधिक शिक्षकों की होगी भर्ती, 8 हजार नियुक्तियां पूरी: रोहित ठाकुर

Spread the love
द्रंग में करोड़ों की शैक्षणिक परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- आधुनिक शिक्षा और आपदा प्रभावित स्कूलों के पुनर्निर्माण पर सरकार का विशेष फोकस


मंडी। प्रदेश सरकार वर्ष 2027 तक 10 हजार से अधिक शिक्षकों और प्राध्यापकों की भर्ती का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। इनमें से करीब 8 हजार नियुक्तियां पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। यह बात शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के देयोरी में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के भवनों के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कही।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित स्कूलों के पुनर्निर्माण को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रखा है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में प्रभावित न हो। इसके लिए राज्य बजट सहित विभिन्न मदों से चरणबद्ध तरीके से धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।


शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली बार सरकारी विद्यालयों के 50 मेधावी विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने की पहल की है। इससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के छात्रों को भी वैश्विक स्तर का अनुभव प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है तथा विद्यार्थियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत वर्तमान सरकार ने 90 से 100 प्रतिशत तक बजट व्यय सुनिश्चित किया है। वहीं वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश ने 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर हासिल कर पूर्ण साक्षर राज्यों की श्रेणी में अपना स्थान बनाया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।


कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यालय के लिए भूमि दान करने वाली दासी देवी तथा उनकी पुत्रियों पुनी देवी और चिंता देवी को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान बनाने वाली छात्रा नेहा को भी सम्मानित किया गया।
उन्होंने महिला मंडल देयोरी को 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रत्येक छात्र समूह को 10-10 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।


कार्यक्रम के बाद शिक्षा मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने द्रंग विधानसभा क्षेत्र की छह पंचायतों के प्रधानों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, एपीएमसी मंडी के निदेशक जोगिंदर गुलरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।