करसोग की बेटी की उपलब्धि को बताया युवाओं के लिए प्रेरणा, बोले- हिमाचल की बेटियां हर क्षेत्र में बढ़ा रही हैं प्रदेश का मान
शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के करसोग की रहने वाली माउंट एवरेस्ट विजेता रुचि ठाकुर को रविवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ओक ओवर में सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा भी की।
रुचि ठाकुर ने 21 मई, 2026 को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया था।
मुख्यमंत्री ने रुचि ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में दृढ़ संकल्प, साहस और अथक मेहनत के बल पर रुचि ने जो मुकाम हासिल किया है, वह आने वाली पीढ़ी को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की बेटियां शिक्षा, खेल, साहसिक गतिविधियों और अन्य विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उनकी उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं और वे समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
रुचि ठाकुर ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट के दौरान एवरेस्ट अभियान के अपने अनुभव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।












