7 जुलाई को दीपकमल में जुटेंगे दिग्गज
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में आगामी दिनों की दिशा तय करने वाली भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर समिति की अहम बैठक 7 जुलाई को शिमला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में आयोजित होगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में संगठन की मजबूती, प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, सरकार के खिलाफ विपक्ष की रणनीति और आने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। सूत्रों के अनुसार, भाजपा संगठन आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर स्पष्ट रोडमैप तैयार करेगा। बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और कांग्रेस सरकार के खिलाफ मुद्दा आधारित आंदोलन की रूपरेखा पर भी मंथन किया जाएगा।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता, विधायक एवं पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा तथा सह प्रभारी संजय टंडन स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में बैठक में हिस्सा लेंगे।
राजनीतिक दृष्टि से इस बैठक को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने के साथ-साथ आगामी चुनावी चुनौतियों और राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भाजपा अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। बैठक में प्रदेश सरकार के खिलाफ पार्टी के आगामी आंदोलन, जनहित के मुद्दों को लेकर अभियान और संगठन के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा नेतृत्व का फोकस स्पष्ट रूप से संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के माध्यम से राजनीतिक संदेश को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर रहेगा। ऐसे में 7 जुलाई की यह बैठक केवल नियमित संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों और विपक्ष की रणनीति का आधार तय करने वाली महत्वपूर्ण बैठक मानी जा रही है।












