मुख्य आरोपी पर पहले से 53 से अधिक मामले दर्ज
शिमला। स्पेशल सेल शिमला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शोघी बैरियर क्षेत्र में नाकाबंदी कर एक संदिग्ध वाहन से 242 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने वाहन में सवार तीन आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
ASP शिमला महर पंवर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति वाहन में चिट्टा लेकर शोघी बैरियर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 242 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इन्द्रदेव उर्फ दाणू निवासी सुन्नी, जिला शिमला, मोती शर्मा निवासी न्यू शिमला तथा सूरज चौहान, मूल निवासी देवरिया (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 133/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।
प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी इन्द्रदेव उर्फ दाणू एक आदतन नशा तस्कर है। उसके खिलाफ पहले से 53 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस अधिनियम के 9 मामले, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और चोरी से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पूर्व में PIT-NDPS Act के तहत तीन माह के लिए निरुद्ध किया गया था और वह 21 जून 2026 को ही जेल से रिहा हुआ था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह सुन्नी, रामपुर, कुमारसैन और शिमला के अन्य क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा था और बड़ी संख्या में युवाओं तक चिट्टा पहुंचाने में शामिल था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में नशे की सप्लाई चेन, बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज, वित्तीय लेन-देन तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए गहन एवं वैज्ञानिक जांच जारी है।












