Advertisement

WEATHER UPDATE: हिमाचल में आज भी भारी बारिश का अलर्ट, पांच जिलों में येलो वार्निंग जारी

Spread the love
शिमला समेत कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और सिरमौर में भारी बारिश की आशंका, लोगों को सतर्क रहने की सलाह



शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, सिरमौर और शिमला जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो वार्निंग जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार भारी वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव, फिसलन के चलते सड़क दुर्घटनाओं का खतरा, दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित होने और कुछ स्थानों पर आवश्यक सेवाओं व दैनिक गतिविधियों पर अस्थायी असर पड़ सकता है।


विभाग के तात्कालिक पूर्वानुमान के अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे तथा हल्की बारिश के एक-दो दौर पड़ सकते हैं। वहीं चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, बिलासपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा गर्जन-चमक की संभावना है।

कुल्लू और शिमला में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि लाहौल-स्पीति और किन्नौर में हल्की वर्षा अथवा बर्फबारी की संभावना जताई गई है।


मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने, यातायात संबंधी एडवाइजरी का पालन करने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।