रोहड़ू पुलिस ने CCTV और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सुलझाया मामला, आरोपी पहले भी कई जिलों में चोरी की वारदातों में रहे हैं संलिप्त
शिमला। रोहड़ू पुलिस ने दिनदहाड़े घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना रोहड़ू में ग्राम खारला, तहसील टिक्कर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात चोर उसके घर में दिन के समय घुसे और गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर करीब 7.5 तोला सोने के आभूषण तथा 51 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग संख्या 40/2026 के तहत धारा 331(3), 305 और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य वैज्ञानिक तरीकों का गहन विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल (31), निवासी मंडी, दीपक घई (39), निवासी मंडी तथा मेहर चंद (30), निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राहुल और मेहर चंद पूर्व में कुल्लू, मंडी और सोलन जिलों में चोरी के कई मामलों में संलिप्त रह चुके हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जा सकता है।












