10 जुलाई के प्रस्तावित दौरे से पहले हेलीपैड, सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं की समीक्षा; उपायुक्त ने समयबद्ध तैयारियों के दिए निर्देश
शिमला। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 10 जुलाई को प्रस्तावित शिमला दौरे के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित कर सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि उपराष्ट्रपति का दौरा पूरी गरिमा, सुरक्षा और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल पर की जाने वाली तैयारियों की विशेष समीक्षा की गई। अधिकारियों को सुरक्षित लैंडिंग एवं टेकऑफ, हेलीपैड की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, संचार व्यवस्था तथा संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को दौरे के दौरान सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके तहत चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, जीवनरक्षक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने को कहा गया
अग्निशमन विभाग को हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अग्निशमन वाहनों, उपकरणों तथा प्रशिक्षित कर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
बैठक में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, यातायात और पार्किंग प्रबंधन, वीवीआईपी रूट प्लान, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्गों के निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत, संचार व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, बिजली बैकअप तथा प्रोटोकॉल से जुड़े सभी प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित वीवीआईपी प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम शिमला डॉ. भुवन शर्मा, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, एसडीएम शिमला शहरी ओशिन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












