चंबा, मंडी, सिरमौर और सोलन में भारी बारिश की संभावना, कांगड़ा, शिमला और कुल्लू में भी मध्यम से भारी वर्षा के आसार; जलभराव और भूस्खलन का खतरा
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार, 9 जुलाई को राज्य के चंबा, मंडी, सिरमौर और सोलन जिलों में भारी बारिश, जबकि कांगड़ा, शिमला और कुल्लू जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, फिसलन भरी सड़कों के चलते वाहन फिसलने, दृश्यता कम होने से सड़क दुर्घटनाओं, यातायात बाधित होने तथा दैनिक जनजीवन और आवश्यक सेवाओं पर अस्थायी असर पड़ सकता है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखें। साथ ही राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।












