Advertisement

सितंबर तक प्रदेश में खनन पर रोक, अवैध खनन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई: हर्षवर्धन चौहान

Spread the love
बल्क ड्रग पार्क का 20 फीसदी काम पूरा, राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बोले- मंदिर भाजपा का नहीं, करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक


शिमला। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने हिमाचल-पंजाब सीमा पर हो रहे अवैध खनन को लेकर राज्य सरकार का सख्त रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिलहाल सितंबर तक खनन गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जहां भी अवैध खनन की शिकायत मिलती है, वहां संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाती है। सरकार इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।


उद्योग मंत्री ने बल्क ड्रग पार्क परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि अब तक करीब 15 से 20 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ा लगभग 75 प्रतिशत और पानी की व्यवस्था से संबंधित 95 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। शेष टेंडर प्रक्रियाओं को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को धनराशि जारी कर दी गई है और परियोजना क्षेत्र तक डबल लेन सड़क का निर्माण होगा।


राम मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के मामले पर उद्योग मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी स्वीकार नहीं की जा सकती। कांग्रेस को इस मामले में सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम के नाम पर राजनीति की, लेकिन राम पर किसी का कॉपीराइट नहीं है। आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।