व्यक्तिगत बयानबाजी छोड़ जनहित के मुद्दों पर करे राजनीति, सरकार के कामों का जवाब नहीं होने से बौखलाई भाजपा
शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल ने भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणियां करने से पहले भाजपा को अपने राजनीतिक प्रदर्शन और जनता के जनादेश पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता बार-बार भाजपा को आईना दिखा चुकी है, इसलिए कांग्रेस को नसीहत देने से पहले भाजपा अपने गिरेबान में झांके।
हिमराल ने कहा कि संदीपनी भारद्वाज स्वयं दो विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता विद्या स्टोक्स से हार चुकी हैं। इतना ही नहीं, हाल ही में कुमारसैन क्षेत्र के पंचायत चुनाव में उनके भाई को भी जनता ने नकार दिया। ऐसे में चुनावी नतीजों और जनता के स्पष्ट जनादेश को नजरअंदाज कर कांग्रेस पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास प्रदेश सरकार के जनहित के कार्यों का कोई राजनीतिक जवाब नहीं है। यही वजह है कि उसके नेता मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और अनर्गल बयानबाजी का सहारा ले रहे हैं। लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और हिमाचल की जनता समय-समय पर यह स्पष्ट कर चुकी है कि उसका विश्वास किसके साथ है।
हिमराल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और उनके परिवारों पर व्यक्तिगत टिप्पणियां भाजपा की राजनीतिक हताशा का प्रमाण हैं। यदि भाजपा के पास सरकार की नीतियों को लेकर कोई तथ्यात्मक आलोचना है तो उसे जनता के सामने रखे, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर राजनीति करना स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शिता, जनहित और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है। विपक्ष सरकार को मुद्दों पर घेरने में लगातार विफल रहा है, इसलिए अब व्यक्तिगत बयानबाजी के सहारे राजनीतिक माहौल को भटकाने की कोशिश कर रहा है।
हिमराल ने भाजपा नेताओं से राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास, रोजगार, आपदा प्रबंधन और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाना लोकतंत्र के हित में होगा, न कि व्यक्तिगत आरोपों के जरिए राजनीतिक वातावरण को दूषित करना।












