हमीरपुर प्रशिक्षण शिविर में बोले- राष्ट्र सर्वोपरि, पार्टी उसके बाद और स्वयं सबसे अंत में; यही भाजपा की कार्यसंस्कृति और सबसे बड़ी ताकत
हमीरपुर। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं सबसे अंत में” की भावना के साथ कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यही विचार भाजपा की कार्यसंस्कृति की आत्मा है और इसी सिद्धांत ने भाजपा को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाया है। वह हमीरपुर जिला में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे।
संजय टंडन ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता किसी भी निर्णय या दायित्व का निर्वहन करते समय सबसे पहले राष्ट्रहित को प्राथमिकता देता है। उसके लिए व्यक्तिगत हित, पद और प्रतिष्ठा से अधिक महत्वपूर्ण देश का हित और संगठन का उद्देश्य होता है। यही समर्पण भाजपा कार्यकर्ताओं को अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से अलग पहचान दिलाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरित होकर समाज के हर वर्ग के बीच सेवा, समर्पण, अनुशासन और संगठन के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करता है। पार्टी की यही कार्यशैली संगठन को लगातार मजबूत कर रही है और कार्यकर्ता अपने आचरण से इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
संजय टंडन ने प्रशिक्षण शिविर में मौजूद कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानते हुए संगठन की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को हर घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र को सर्वोपरि रखकर कार्य करेगा, तभी संगठन और देश दोनों निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के राष्ट्र और समाज की सेवा में निरंतर जुटे रहते हैं। यही कार्यकर्ता संस्कृति भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग और विशिष्ट बनाती है।












