Advertisement

22 लाख वाहनों के दबाव के बीच सफल रहा शिमला का पर्यटन सीजन, पुलिस ने जारी किया ताजा ट्रैफिक अपडेट

Spread the love
चार प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य, सैंज-चौपाल और तत्तापानी-किंगल मार्ग भूस्खलन से बंद; अतिरिक्त पुलिस बल और नई रणनीति से संभाला ट्रैफिक दबाव


शिमला। ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन के दौरान करीब 22 लाख वाहनों की आवाजाही के बावजूद शिमला पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। इस बीच शुक्रवार सुबह 10 बजे जारी ट्रैफिक अपडेट के अनुसार ढली-रोहड़ू, ढली-सैंज, ढली-रामपुर और ढली-सुन्नी-तत्तापानी मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। हालांकि सैंज-चौपाल मार्ग तथा तत्तापानी-किंगल मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हैं।

पुलिस ने यात्रियों से सफर पर निकलने से पहले मार्गों की ताजा जानकारी लेने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


शिमला पुलिस के अनुसार मई से अब तक विभिन्न प्रवेश मार्गों से लगभग 22 लाख वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया। इनमें मई में 8.5 लाख, जून में 10.5 लाख और जुलाई में अब तक करीब 3 लाख वाहन शामिल हैं।


बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस एवं होमगार्ड कर्मियों की संख्या 136 से बढ़ाकर 265 की गई। इसके अलावा 50 स्वयंसेवकों और 32 ट्रैफिक बाइक राइडर्स की तैनाती की गई, जिससे जाम की स्थिति में तुरंत कार्रवाई कर यातायात बहाल किया जा सका।


शहर को पांच सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी लगातार फील्ड में रहकर यातायात व्यवस्था की निगरानी की।

कुफरी, मशोबरा, नालदेहरा, अपर शिमला और किन्नौर की ओर जाने वाले वाहनों को शोगी-मेहली बाईपास से भेजा गया, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम हुआ। इस वैकल्पिक मार्ग का प्रतिदिन औसतन 600 से 800 वाहनों ने उपयोग किया।


पार्किंग प्रबंधन, सोशल मीडिया के जरिए रीयल-टाइम ट्रैफिक अपडेट, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा और इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से नियमों का सख्ती से पालन भी ट्रैफिक प्रबंधन का हिस्सा रहा।

पुलिस ने कहा कि नागरिकों, पर्यटकों, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवकों और अन्य विभागों के सहयोग से पूरे पर्यटन सीजन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित की गई।