सरकार के बजट प्रावधान पर जताया आभार, 65 पेंशनर्स ने बैठक में लिया भाग
कोटखाई। कोटखाई ब्लॉक जिला शिमला पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को कोटखाई किचन, डीएवी कॉलेज के समीप आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष दलीप जस्ता ने की।
बैठक में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा, मुख्य सलाहकार मोहन ठाकुर, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, प्रेस सचिव लायक राम शर्मा तथा जिला शिमला पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष भाग चंद चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत महासचिव बोध राज ने अतिथियों के स्वागत से की। इस दौरान दिवंगत पेंशनर्स को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए कहा कि पेंशनर्स को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए पूरे ब्लॉक में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके। वहीं मुख्य सलाहकार मोहन ठाकुर ने कहा कि 30 सितंबर तक जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाना चाहिए।
बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने कहा कि सरकार ने पेंशनर्स के तीन वर्षों से लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान के लिए बजट का प्रावधान किया है, जिसके लिए हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2016 से पूर्व की लंबित देनदारियों के भुगतान के निर्णय का भी स्वागत किया गया है।।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स की कॉम्युटेशन, लीव एनकैशमेंट और ग्रेच्युटी की शेष 40 प्रतिशत राशि का भुगतान 31 जुलाई तक किया जाए, ताकि सरकार अपना वादा पूरा कर सके।
बैठक में प्रेस सचिव लायक राम शर्मा, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी और भाग चंद चौहान ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष दयानंद चौहान, उपाध्यक्ष जगदीश चौहान, दिनेश वर्मा, कोषाध्यक्ष राम लाल चौहान, संयुक्त सचिव देवेंद्र जस्ता, सुरेश शर्मा, सुनीता घालता, संगठन सचिव सुरेंद्र शर्मा, मुख्य सलाहकार गंगाधर नाथन, सलाहकार जीवन कालटा सहित 65 पेंशनर्स उपस्थित रहे।












