वरिष्ठ आईएएस ओंकार शर्मा और राकेश प्रजापति सहित कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईएएस और 22 एचएएस अधिकारियों के तबादला एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं, जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
तबादला सूची में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सचिन कंवल को शिमला नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं नगर निगम शिमला के आयुक्त भूपेंद्र कुमार को हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलसचिव ज्ञान सागर नेगी को एडीएम (प्रोटोकॉल) शिमला की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा अब एचपीयू की नई रजिस्ट्रार होंगी।
डॉ. लायक राम वर्मा को हिमफेड का प्रबंध निदेशक, विकास शुक्ला को नगर निगम हमीरपुर का अतिरिक्त आयुक्त और सुनी शर्मा को एसडीएम शिमला (अर्बन) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कई एसडीएम, संयुक्त निदेशक, अतिरिक्त निदेशक और परियोजना निदेशकों के भी तबादले किए गए हैं।
आईएएस अधिकारियों में अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव रॉथर दावूद नजीम को परिवहन एवं उद्योग विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। प्रधान सचिव देवेश कुमार अब वित्त, योजना, अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग का कार्यभार संभालेंगे, जबकि एम. सुधा देवी को वन एवं उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। प्रियंका बसु इंटी को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग का अतिरिक्त प्रभार, आशीष सिंहमार को सामान्य प्रशासन, संसदीय कार्य, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार ने उद्योग निदेशक डॉ. यूनुस को सचिव (राज्य कर एवं आबकारी), कांगड़ा मंडल के आयुक्त संदीप कुमार को सचिव (पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन), ऊर्जा निदेशक राकेश कुमार प्रजापति को पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग का निदेशक तथा विशेष सचिव डॉ. अश्वनी कुमार शर्मा को राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त नियुक्त किया है।
विवेक चंदेल को नगर निगम बद्दी का आयुक्त बनाया गया है, जबकि अभिषेक कुमार गर्ग को हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (एचपीएसआईडीसी) का प्रबंध निदेशक और गुरसिमर सिंह को तकनीकी शिक्षा विभाग का निदेशक एवं एचपी कौशल विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सरकार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए हैं।












