Advertisement

हादसा: संजौली में घर पर गिरा भारी मलबा, बाल-बाल बचा परिवार

Spread the love
सूचना के घंटों बाद भी नहीं पहुंची राहत टीम, पीड़ितों ने प्रशासन से लगाई सुरक्षा और मलबा हटाने की गुहार


शिमला। राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। विशाल मार्ट के पीछे स्थित एक मकान पर अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिर गए। घटना के समय घर में मौजूद दो युवकों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।


जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे यशपाल के मकान के ऊपर पहाड़ी से अचानक मलबा और चट्टानें गिरने लगीं। तेज आवाज सुनकर घर में मौजूद दोनों युवक तुरंत बाहर भागे, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि, मकान को नुकसान पहुंचा है और आसपास का क्षेत्र अभी भी खतरे की जद में बना हुआ है।


पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद प्रशासन को सूचना दे दी गई थी, लेकिन देर शाम तक न तो कोई राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और न ही मलबा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। परिवार का कहना है कि लगातार पहाड़ी से मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

उधर, प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के बाद भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। संजौली की इस घटना ने एक बार फिर संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव तंत्र की तत्परता और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी जोखिम वाले इलाकों में त्वरित कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


परिजनों ने प्रशासन से तत्काल मलबा हटाने, पहाड़ी का स्थायी उपचार करने और क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है।