ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा व चंबा में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, भूस्खलन और कम दृश्यता को लेकर सतर्क रहने की सलाह
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार शाम जारी तात्कालिक पूर्वानुमान में अगले 12 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार शिमला, सोलन, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि एक-दो स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार शाम तक ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा और चंबा जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं शिमला, सोलन और सिरमौर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, मंडी, कुल्लू और बिलासपुर के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने बारिश के चलते संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने, निचले इलाकों में जलभराव, फिसलन और कम दृश्यता के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की ताजा जानकारी और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
शुक्रवार शाम 5:30 बजे तक प्रमुख वर्षा (मिमी):
नाहन – 158.5
सोलन – 72.4
कुफरी – 46.5
शिमला – 37.0
मशोबरा – 35.0
नारकंडा – 26.5
भुंतर – 21.0












