13 जुलाई को पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिलाई में होगा उद्घाटन समारोह, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी रहेंगे मौजूद
आतिश चौहान
नाहन/शिलाई। सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र को खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 13 जुलाई को पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शिलाई में नव-निर्मित गर्ल्स स्पोर्ट्स हॉस्टल (कबड्डी) का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
उद्घाटन समारोह सोमवार, 13 जुलाई को सुबह 11 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। विद्यालय प्रशासन के अनुसार इस स्पोर्ट्स हॉस्टल के शुरू होने से क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर खेल सुविधाएं और आवासीय प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा। खासतौर पर कबड्डी सहित अन्य खेलों में प्रतिभाशाली छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र की छात्राओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, स्कूल प्रबंधन समिति, स्टाफ और विद्यार्थियों ने क्षेत्रवासियों से समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।












