जलाशय में बढ़ते जलस्तर के बीच आज सिल्ट फ्लशिंग भी होगी; पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका
स्थानीय लोगों व पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील
कुल्लू। जलाशय में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और भारी जल आवक की संभावना को देखते हुए एनएचपीसी के पार्बती-2 पावर स्टेशन ने आम लोगों और पर्यटकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। एनएचपीसी के अनुसार शनिवार को पुलगा स्थित पार्बती-2 बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा, जिससे पार्वती नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। इसके साथ ही सुबह आठ बजे से बांध पर सिल्ट फ्लशिंग का कार्य भी किया जाएगा।
एनएचपीसी ने बताया कि जलाशय का स्तर लगातार बढ़ने के कारण पुलगा बांध के रेडियल गेटों से लगभग 50 क्यूमेक अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा। इसके बाद पार्वती नदी में कुल डिस्चार्ज लगभग 225 क्यूमेक तक पहुंच जाएगा। यदि जलाशय में पानी की आवक और बढ़ती है तो आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पानी भी छोड़ा जा सकता है।
सिल्ट फ्लशिंग के दौरान भी बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में नदी के जलस्तर और बहाव में अचानक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में नदी के आसपास रहने वाले लोगों, पर्यटकों और मजदूरों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
एनएचपीसी ने होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे, कैंप संचालकों तथा टैक्सी चालकों से भी अनुरोध किया है कि वे अपने यहां ठहरने या यात्रा करने वाले पर्यटकों को पार्वती नदी के किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दें।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्रों में हूटर और सायरन बजाए जाएंगे। साथ ही लोगों को सतर्क करने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा करने वाले वाहनों की भी तैनाती की जाएगी।
एनएचपीसी ने आम जनता से अपील की है कि वे इस दौरान नदी या उसके किनारों की ओर जाने से बचें और प्रशासन तथा परियोजना प्रबंधन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
एनएचपीसी ने कहा है कि यह कदम पूरी तरह जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है तथा सभी से सहयोग की अपेक्षा की गई है।












