मंडी, किन्नौर और कांगड़ा में भी मध्यम बारिश का पूर्वानुमान; जलभराव, फिसलन, ट्रैफिक जाम औरभूस्खलन की आशंका, लोगों से सतर्क रहने की अपील
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का दौर लगातार जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने शनिवार, 11 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार चंबा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं मंडी, किन्नौर और कांगड़ा जिलों में मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें फिसलन भरी होने और दृश्यता कम होने से वाहनों के फिसलने का खतरा रहेगा। इसके अलावा कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होने और जाम की स्थिति भी बन सकती है। बारिश के कारण सामान्य जनजीवन और खुले में होने वाले दैनिक कार्य अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकते हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों से जल स्रोतों तथा नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है, क्योंकि बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
विभाग ने लोगों से राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, ट्रैफिक एडवाइजरी पर नजर रखने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट लेते रहने की भी अपील की है। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।












