नव युवक मंडल ‘स्टेटा ब्रदर्स बटाड़’ के आयोजन की सराहना, युवाओं से खेलों के माध्यम से नशे से दूर रहने का किया आह्वान
जुब्बल। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को जुब्बल तहसील की ग्राम पंचायत कठासू के बटाड़ गांव में नव युवक मंडल ‘स्टेटा ब्रदर्स बटाड़’ द्वारा आयोजित पंचायत स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर स्थानीय लोगों और नव युवक मंडल के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
शिक्षा मंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए नव युवक मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय जनता को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों के आयोजन से युवाओं की प्रतिभा को मंच मिलता है और उनमें अनुशासन, टीम भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
रोहित ठाकुर ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा और नेहा मेहता, पंचायत समिति जुब्बल की अध्यक्षा कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, ग्राम पंचायत कठासू के प्रधान लोकपाल जस्टा, बीडीसी सदस्य उदय दुलटा, उपप्रधान दिनेश पांजटा, ग्राम पंचायत बरथाटा की प्रधान सरोज घमटा, ग्राम पंचायत अंटी के प्रधान लक्ष्मण चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, नव युवक मंडल के प्रधान सोनू स्टेटा, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, एसडीएम जुब्बल, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।












