बोले- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और दूरदराज़ क्षेत्रों का संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता, शिक्षा पर खर्च हो रहा 18% बजट
जुब्बल। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज़ ग्राम पंचायत सोलंग का दौरा कर करीब 34 लाख रुपये की लागत से तैयार दो विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित कीं। उन्होंने 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला सोलंग के नए भवन और 9 लाख रुपये से बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधारभूत विकास सुविधाएं पहुंचाना है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि सोलंग जैसे दूरस्थ क्षेत्र में आधुनिक विद्यालय भवन बनने से स्थानीय बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य के कुल बजट का लगभग 18 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में प्रदेश के 151 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार बनने के समय शिक्षा विभाग में लगभग 15 हजार पद रिक्त थे। इनमें से करीब 9 हजार पद भरे जा चुके हैं, जबकि लगभग 3 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण मात्र एक प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने सामुदायिक भवन को ग्रामीणों के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताते हुए कहा कि सरकार गांवों में बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है।
रोहित ठाकुर ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सोलंग पंचायत में कई विकास कार्य पूरे किए गए हैं। इनमें 84 लाख रुपये से नडली सेंज-नगाली शाशन सड़क, 26 लाख रुपये से किमटा बस्ती-सास्कीर सड़क और किमटा बस्ती से पटाला सड़क का निर्माण शामिल है। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलंग की मरम्मत, खेल मैदान निर्माण और विभिन्न स्कूल भवनों के निर्माण एवं मरम्मत पर भी लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समीपवर्ती पंद्रानू पंचायत में 1.74 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि कुड्डू में 86.61 लाख रुपये की लागत से आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जा रहा है। इसके अलावा किरण क्षेत्र में छह नई सड़कों को स्वीकृति दी गई है तथा सोलंग पंचायत के लिए प्रस्तावित 5.40 लाख रुपये की उठाऊ सिंचाई योजना को भी वित्तपोषण के लिए भेजा गया है।
दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने ग्राम पंचायत अंटी का भी दौरा किया और सभाड़-अंटी-छाजपुर सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा की। आगामी सेब सीजन को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को सभी संपर्क मार्गों को समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि बागवानों को फसल परिवहन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि अंटी-सभाड़ संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण और उन्नयन का कार्य लगभग 12.78 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा है, जबकि सड़क के जीरो पॉइंट निर्माण के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और स्वीकृत राशि का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सोलंग, सास्कीर और किरण क्षेत्र से उनका पारिवारिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है तथा क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास के लिए वे भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।












