वन विभाग और एनटीपीसी के संयुक्त अभियान में अधिकारियों-कर्मचारियों ने लगाए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश वन विभाग और एनटीपीसी कोलडैम के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार शाम को एनटीपीसी कोलडैम परिसर में पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के वन बल प्रमुख एवं सीपीडी-जाइका डॉ. संजय सूद ने पौधा लगाकर किया। इस दौरान वन संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर डॉ. संजय सूद ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण भी उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि वन विभाग प्रदेश में हरित क्षेत्र बढ़ाने और जैव विविधता के संरक्षण के लिए लगातार अभियान चला रहा है। जनभागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को हासिल करना संभव नहीं है, इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इस मुहिम से जुड़ना चाहिए।
कार्यक्रम का आयोजन वन विभाग के सदर वन परिक्षेत्र, बिलासपुर वन मंडल और एनटीपीसी कोलडैम के सहयोग से किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ एनटीपीसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य हरित क्षेत्र का विस्तार, जैव विविधता का संरक्षण तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित हिमाचल के लक्ष्य को साकार किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि एनटीपीसी कोलडैम भी अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों के तहत समय-समय पर पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।












