Advertisement

‘मिट्टी से गड्ढे भरने वाले मंत्री पहले अपने विभाग और शिमला ग्रामीण की बदहाली देखें’

Spread the love
भाजपा नेता प्यार सिंह का विक्रमादित्य सिंह पर पलटवार, बोले- केंद्र ने दिया रिकॉर्ड सहयोग, कांग्रेस सरकार सड़कें सुधारने में नाकाम


शिमला। ।भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्यार सिंह ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो मंत्री अपने ही विभाग की बदहाल स्थिति सुधारने में विफल रहे हों, उन्हें केंद्र सरकार और भाजपा को नसीहत देने से पहले अपने काम का आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सड़कों की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सबसे अधिक परेशानी स्वयं मंत्री के विधानसभा क्षेत्र शिमला ग्रामीण की जनता झेल रही है।


प्यार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को विकास कार्यों, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और आपदा राहत के लिए रिकॉर्ड आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। उन्होंने दावा किया कि लोक निर्माण मंत्री भी अपने विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का लाभ उठाते रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार पर सवाल उठाना केवल राजनीतिक दिखावा है।


उन्होंने कहा कि यदि मंत्री वास्तव में जनता के हितों को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें पहले शिमला ग्रामीण की सड़कों की स्थिति सुधारनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


भाजपा नेता ने कहा कि शिमला ग्रामीण की अर्थव्यवस्था सब्जी, दूध और अन्य कृषि उत्पादों पर आधारित है। पहले ग्रामीण बस सेवाओं के माध्यम से किसान अपनी उपज आसानी से बाजार तक पहुंचाते थे, लेकिन अब परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने से किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


प्यार सिंह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को भाजपा की चिंता छोड़कर अपने आंतरिक हालात पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आ चुकी है और उसके वरिष्ठ नेता भी सार्वजनिक रूप से इस पर बयान दे चुके हैं।


उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार विकास कार्यों के बजाय केवल आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है। यदि लोक निर्माण विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करता तो प्रदेश की सड़कें इतनी बदहाल नहीं होतीं।


भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक ने कहा कि उनकी पार्टी जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार को अपनी कथित विफलताओं का जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब केवल बयान नहीं, बल्कि धरातल पर विकास, बेहतर सड़कें और जवाबदेही चाहती है।