एजीएम के साथ आयोजित वार्षिक मैंगो मेले में ट्राइसिटी के 100 से अधिक परिवार शामिल, पंचकूला में नए सूद भवन के निर्माण का भी ऐलान
चंडीगढ़। सूद सभा चंडीगढ़ की ओर से रविवार को सूद भवन, सेक्टर-44ए में वार्षिक ‘मैंगो फेस्टिवल-2026’ एवं वार्षिक आम सभा (एजीएम) का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस आयोजन में चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों से 100 से अधिक सूद परिवारों ने भाग लिया और दशहरी, कूपी सहित विभिन्न किस्मों के स्वादिष्ट आमों का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान लाइफ मेंबरों के लिए तंबोला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता तथा ट्रेडिशनल ड्रेस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे आयोजन में पारिवारिक सौहार्द, आपसी मेलजोल और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।
सूद सभा चंडीगढ़ के अध्यक्ष अश्वनी सूद, वित्त सचिव खुशविंदर सूद और सचिव अतुल सूद ने सभा को संबोधित करते हुए सूद बिरादरी की सामाजिक परंपराओं और संगठन की विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इस वर्ष मैंगो फेस्टिवल के आयोजन की जिम्मेदारी संदीप सूद, राजेश सूद, सुमित सूद, संजय सूद, जतिन सूद और मुकेश सूद की आयोजन समिति ने संभाली।
सूद सभा के प्रेस सचिव सचिन सूद और संयुक्त प्रेस सचिव मुकेश सूद ने बताया कि सभा द्वारा हर वर्ष मानसून के दौरान यह पारंपरिक मैंगो फेस्टिवल आयोजित किया जाता है, जिसमें ट्राइसिटी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सूद बिरादरी के सदस्य भाग लेते हैं।
उन्होंने बताया कि मैंगो फेस्टिवल की परंपरा सूद सभा के गठन वर्ष 1959 से भी पहले की है। उस समय संस्था के संस्थापक सदस्य अपने-अपने घरों से आम लेकर एकत्रित होते थे और परिवारों के साथ इस आयोजन को मनाते थे। बाद में इसी सामाजिक मिलन की परंपरा ने सूद सभा के गठन की नींव रखी। उन्होंने कहा कि दूसरे शब्दों में मैंगो फेस्टिवल ही सूद सभा की स्थापना का आधार रहा है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ऐसे आयोजन समाज में आपसी मेलजोल बढ़ाने और लोगों को मोबाइल तथा टीवी की दुनिया से निकालकर सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर आयोजित वार्षिक आम सभा (एजीएम) में सूद सभा के अध्यक्ष अश्वनी सूद ने घोषणा की कि पंचकूला स्थित सूद भवन को पूर्ण रूप से पुनर्निर्मित किया जाएगा। इसके लिए पुराने भवन को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए सूद भवन के निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।












