Advertisement

छात्रों की गूंज’ से शिमला में गरजी यूथ कांग्रेस, NEET पेपर लीक पर केंद्र सरकार को घेरा

Spread the love
मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- भाजपा सरकार में पेपर लीक के चलते चयन बोर्ड बंद करना पड़ा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी


शिमला। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ के तहत सोमवार को शिमला के राजीव भवन में हिमाचल प्रदेश यूथ कांग्रेस ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने की।


कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बढ़ती कोचिंग व परीक्षा फीस ने युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि छात्र नौकरी नहीं, बल्कि पारदर्शी और ईमानदार परीक्षा व्यवस्था चाहते हैं।


मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ चयन बोर्ड में बार-बार पेपर लीक के मामले सामने आए, जिसके चलते उनकी सरकार ने चयन बोर्ड को भंग कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में भी पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करेगी।।


विधायक केवल सिंह पठानिया ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। वहीं, राष्ट्रीय युवा कांग्रेस सचिव एवं हिमाचल प्रभारी ज्योतिष एच.एम. ने कहा कि ‘शिक्षा बचाओ, भविष्य बचाओ’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।


प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल यूथ कांग्रेस राहुल गांधी और राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर इस अभियान को जिला, विधानसभा, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक ले जाएगी।
कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें उठाईं—पेपर लीक मुक्त परीक्षा व्यवस्था, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई तथा परीक्षाओं और भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी करना।


इस मौके पर कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमित नंदा, ओएसडी रितेश कपरेट, यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला एवं विधानसभा इकाइयों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता मौजूद रहे।