Advertisement

सोलन जिला परिषद में भाजपा का कब्जा, 2027 में कांग्रेस की विदाई तय: डॉ. राजीव बिंदल

Spread the love

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बोले- सात जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेतृत्व, सत्ता और प्रशासनिक दबाव के बावजूद जनता ने कांग्रेस को नकारा


सोलन। जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का स्पष्ट जनादेश बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम दर्शाता है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से निराश है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है।


डॉ. बिंदल ने कहा कि सोलन जिला परिषद में भाजपा समर्थित कुमारी शीला अध्यक्ष और पंकज शर्मा उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इन पदों पर अपना उम्मीदवार तक नहीं उतार सकी, जो उसकी कमजोर राजनीतिक स्थिति को दर्शाता है।


उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश के आठ जिलों में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव हो चुके हैं, जिनमें से सात जिला परिषदों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। उनके अनुसार कई स्थानों पर कांग्रेस उम्मीदवार उतारने में भी असफल रही, जिससे प्रदेश में भाजपा के बढ़ते जनाधार का पता चलता है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पंचायत और जिला परिषद चुनावों को टालने के लिए कांग्रेस सरकार ने हरसंभव प्रयास किए और सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद करीब आठ महीने की देरी से चुनाव कराए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान सत्ता, प्रशासन और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों और उनके परिवारों पर दबाव बनाने की कोशिश की गई, लेकिन जनता ने कांग्रेस को नकार दिया।


डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं, बेरोजगारी बढ़ी है और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद चुनावों के नतीजे प्रदेश की जनता के बदलते राजनीतिक रुख का संकेत हैं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सत्ता से विदाई तय है।


उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जिला परिषद प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे पारदर्शिता, जनसेवा और विकास को प्राथमिकता देते हुए सोलन जिले के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे।