Advertisement

मानसून: भारी बारिश से राहत, 69 सड़कें अब भी बंद; 80 पेयजल योजनाएं प्रभावित

Spread the love
कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में हल्की बारिश व गर्जन की संभावना, राज्य में फिलहाल कोई मौसम चेतावनी नहीं; सिरमौर सबसे अधिक प्रभावित


शिमला। हिमाचल प्रदेश में सोमवार को मानसून अपेक्षाकृत शांत रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गर्जन के साथ बिजली चमकने की संभावना है, जबकि किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला और चंबा के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। अगले 12 घंटों के दौरान भी प्रदेश में किसी बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।


मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया और तापमान सामान्य के आसपास रहा। सोमवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान नेरी में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


दूसरी ओर, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) की शाम पांच बजे की रिपोर्ट के अनुसार बारिश के कारण 69 सड़कें बंद, 13 बिजली ट्रांसफार्मर (डीटीआर) प्रभावित तथा 80 पेयजल योजनाएं बाधित रहीं। सुबह की तुलना में बंद सड़कों की संख्या में कमी आई है, लेकिन पेयजल योजनाओं पर असर बढ़ा है।


जिला स्तर पर सबसे अधिक 38 सड़कें कुल्लू, 13 सड़कें मंडी, 6 सड़कें सिरमौर और 5 सड़कें शिमला में बंद हैं। पेयजल आपूर्ति सबसे अधिक सिरमौर में 69 योजनाएं प्रभावित हैं, जबकि शिमला में तीन और हमीरपुर में आठ पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। बिजली आपूर्ति के मोर्चे पर कुल्लू में आठ, शिमला में चार और मंडी में एक ट्रांसफार्मर प्रभावित बताया गया है।


मानसून सीजन की समग्र स्थिति पर नजर डालें तो 6 से 13 जुलाई के बीच 175 सड़कें, 788 ट्रांसफार्मर और 154 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुईं। इनमें से अधिकांश सेवाएं बहाल कर दी गई हैं, लेकिन सोमवार शाम तक 26 सड़कें, 5 ट्रांसफार्मर और 80 पेयजल योजनाएं अब भी बहाली का इंतजार कर रही थीं। इस दौरान एक फ्लैश फ्लड की घटना भी दर्ज की गई।

प्रदेश में फिलहाल मौसम राहत भरा बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने जिन जिलों में हल्की बारिश और गर्जन की संभावना जताई है, वहां लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।