तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले संपन्न, विजेता खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे शिमला का प्रतिनिधित्व
शिमला। इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में आयोजित तीन दिवसीय शिमला जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप सोमवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ संपन्न हो गई। शिमला जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में पार्थिव और प्रज्ञा वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पुरुष एकल फाइनल में पार्थिव ने समक्ष धालटा को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला एकल वर्ग में प्रज्ञा वर्मा ने यक्षिता सामरा को सीधे सेटों में मात देकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
पुरुष युगल वर्ग में अमन कुमार और पार्थिव की जोड़ी ने उदय सूद और समक्ष धालटा की जोड़ी को हराकर खिताब जीता। महिला युगल में सोनाक्षी जमवाल और यक्षिता सामरा विजेता रहीं, जबकि मिश्रित युगल वर्ग में पार्थिव और पाखी की जोड़ी ने अमन कुमार और यक्षिता की जोड़ी को पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
जूनियर वर्ग में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-19 लड़कों के एकल वर्ग में विश्वजीत सिंह और लड़कियों के एकल वर्ग में प्रज्ञा वर्मा चैंपियन बने। अंडर-19 लड़कों के युगल में हर्षवर्धन सिंह और विश्वजीत सिंह, जबकि लड़कियों के युगल में सोनाक्षी जमवाल और यक्षिता सामरा ने खिताब जीता।
अंडर-17 वर्ग में लड़कों के एकल मुकाबले में विश्वजीत सिंह तथा लड़कियों के एकल में सोनाक्षी जमवाल विजेता रहीं। लड़कों के युगल में हर्षवर्धन सिंह और विश्वजीत सिंह की जोड़ी ने बाजी मारी, जबकि लड़कियों के युगल में रितिका शर्मा और ईवा विजेता बनीं। अंडर-17 मिश्रित युगल वर्ग में हर्षवर्धन सिंह और ईवा की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी अमित अग्रवाल ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, फिटनेस और व्यक्तित्व विकास का आधार भी है।
प्रतियोगिता के मैच कंट्रोलर विजय धौटा ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शिमला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।












