Advertisement

RTI के जवाब का हवाला देकर जयराम का सुक्खू सरकार पर पलटवार, हिम केयर पर झूठ फैलाने का लगाया आरोप

Spread the love
पूर्व मुख्यमंत्री बोले- सरकारी रिकॉर्ड में पुरुष मरीज की हिस्टेरेक्टॉमी का एक भी मामला दर्ज नहीं, मुख्यमंत्री जनहित की योजना को बदनाम कर रहे


शिमला। हिम केयर योजना को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मिले सरकारी जवाब का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर हिम केयर योजना को लेकर भ्रामक बयान देने का आरोप लगाया है।


जयराम ठाकुर ने दावा किया कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी अस्पतालों में हुई हिस्टेरेक्टॉमी (बच्चेदानी निकालने) की सर्जरी से जुड़े मामलों में पुरुष मरीज का एक भी मामला सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे मुख्यमंत्री के उन आरोपों की पोल खुलती है, जिनमें योजना के तहत कथित अनियमितताओं की बात कही गई थी।


नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राजनीतिक द्वेष के चलते भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान सरकार नई योजनाएं लाने में सफल नहीं रही है, तो कम से कम गरीबों के हित में शुरू की गई योजनाओं पर निराधार आरोप लगाने से बचना चाहिए।


जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि इस तरह के बयान सरकारी अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की ईमानदारी पर भी सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह देते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश के हित में काम करना समय की आवश्यकता है।