Advertisement

2 घंटे में ढूंढ निकाला 12 वर्षीय गुमशुदा बालक, शिमला पुलिस ने परिजनों को सकुशल सौंपा

Spread the love
बालूगंज थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोस्त के घर से मिला बच्चा


शिमला। जिला शिमला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 वर्षीय गुमशुदा बालक को महज दो घंटे के भीतर सकुशल तलाश कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता से एक संभावित अनहोनी टल गई और परिवार ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना पूर्व शिमला में शिकायत दर्ज कराई कि उसका 12 वर्षीय पुत्र बिना बताए घर से कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही थाना पूर्व शिमला की पुलिस टीम ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया और संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी।


लगातार तलाश के दौरान पुलिस ने बालक को बालूगंज क्षेत्र में उसके एक मित्र के घर से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।


जिला शिमला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या व्यक्ति लापता हो जाए तो बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर उसे सुरक्षित ढूंढा जा सके।