राजीव बिंदल ने बनाई दो प्रदेश स्तरीय समितियां, बोले, “सरकार को घेरा भी जाएगा और उसकी किलाबंदी भी की जाएगी”
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा ने राजनीतिक लड़ाई को निर्णायक चरण में ले जाने का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने सरकार की कथित विफलताओं, भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और जनविरोधी नीतियों को मुद्दा बनाते हुए चार्जशीट समिति और जनआंदोलन समिति का गठन किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने साफ कहा कि कांग्रेस सरकार को “घेरा भी जाएगा और उसकी किलाबंदी भी की जाएगी” तथा उसकी हर नाकामी को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा के अनुसार, चार्जशीट समिति कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल का विस्तृत दस्तावेज तैयार करेगी। इसमें सरकार के अधूरे वादों, कथित भ्रष्टाचार, प्रशासनिक विफलताओं और जनविरोधी फैसलों का तथ्यात्मक संकलन कर जनता के सामने रखा जाएगा। इस समिति में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, प्रो. सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन, सतपाल सिंह सत्ती, रणधीर शर्मा, विक्रम ठाकुर, सुधीर शर्मा, बलवीर वर्मा, पायल वैद्य, त्रिलोक जमवाल और राजेंद्र राणा शामिल किए गए हैं।
वहीं, जनआंदोलन समिति पूरे प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, जनजागरण अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करेगी। यह समिति जिला और विधानसभा स्तर तक आंदोलन को गति देगी। इसमें डॉ. राजीव बिंदल, जयराम ठाकुर, सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव भारद्वाज, कंगना रनौत, विपिन सिंह परमार, पवन काजल, विनोद कुमार, बिहारी लाल शर्मा, राकेश जमवाल, गोविंद सिंह ठाकुर, डॉ. राजीव सैजल, रश्मिधर सूद और डी.एस. ठाकुर को जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों और प्रदेश के विकास के मुद्दों पर कांग्रेस सरकार को हर स्तर पर जवाबदेह बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि यह केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि हिमाचल के हितों और जनता के विश्वास की रक्षा का व्यापक जनआंदोलन होगा।












