Advertisement

रामपुर: दर्दनाक HRTC बस हादसे में परिचालक समेत दो की मौत, कई घायल

Spread the love
प्रशासन ने शुरू की राहत, मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की फौरी सहायता

रामपुर से खोलीघाट जा रही HRTC बस गरटोला के पास हुई दुर्घटनाग्रस्त, 22 यात्री थे सवार; घायलों का खनेरी अस्पताल में इलाज जारी


रामपुर बुशहर/शिमला: जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस के परिचालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर (खनेरी), रामपुर में चल रहा है।


जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस (HP-06A-6454) बुधवार शाम करीब 6:30 बजे रामपुर-खड़ाहण-कोटाधार-खोलीघाट मार्ग पर अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। गरटोला के समीप अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल भी मौके पर पहुंच गए।


परिचालक समेत दो लोगों की मौत


हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी, निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी, तथा 72 वर्षीय डाकू राम, पुत्र कालूराम, निवासी गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य यात्रियों को एंबुलेंस के माध्यम से खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल मरीजों को जरूरत पड़ने पर आईजीएमसी शिमला रेफर किया जा सकता है।


प्रशासन ने शुरू की राहत, 20-20 हजार रुपये की फौरी सहायता
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत तत्काल जारी कर दी है। दूसरे मृतक की औपचारिक रिपोर्ट प्राप्त होते ही उनके परिजनों को भी फौरी राहत प्रदान की जाएगी।


अस्पताल में निगरानी, जांच शुरू


उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। वहीं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी खनेरी अस्पताल में मौजूद रहकर घायलों के उपचार और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।


पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे के वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।