एक्सपोज़र विज़िट पर गए 30 प्रशिक्षुओं से फोन पर किया संवाद, तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कज़ाख़स्तान के एक्सपोज़र विज़िट पर गए हिमाचल प्रदेश के 30 आईटीआई प्रशिक्षुओं से टेलीफोन पर संवाद कर उनके अनुभव जाने। इस दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय एक्सपोज़र विज़िट प्रशिक्षुओं के लिए सीखने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान युवाओं को आधुनिक तकनीक, वैश्विक कार्य संस्कृति और उद्योगों में अपनाई जा रही नवीनतम कार्य प्रणालियों को नजदीक से समझने का अवसर मिला है।
सुक्खू ने कहा कि व्यावहारिक कौशल और अंतरराष्ट्रीय अनुभव का यह समन्वय प्रशिक्षुओं के व्यक्तित्व और पेशेवर क्षमता को नई दिशा देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अनुभव से युवाओं के लिए देश और विदेश में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा वे अपने कौशल के दम पर नई पहचान बनाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तकनीकी शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। युवाओं को वैश्विक स्तर की तकनीकी जानकारी और कौशल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे, ताकि प्रदेश के युवा बदलती तकनीक और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।
cm-sukhu-interacts-with-iti-trainees-on-kazakhstan-exposure-visit












