Advertisement

जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

Spread the love
28 नवंबर को होगी चयन परीक्षा, सफल विद्यार्थियों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क आवासीय शिक्षा


शिमला। देश के प्रतिष्ठित आवासीय शिक्षण संस्थानों में शामिल जवाहर नवोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। नवोदय विद्यालय समिति (शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST)-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभिभावक 31 जुलाई 2026 तक अपने बच्चों का ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य रोशन लाल ने बताया कि चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को देशभर के जवाहर नवोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं पूर्णतः निःशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किए जाते हैं।


उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए अभ्यर्थी का संबंधित जिले का वास्तविक निवासी होना आवश्यक है। साथ ही वह शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा पांचवीं का नियमित छात्र होना चाहिए। अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए तथा उसने कक्षा तीसरी, चौथी और पांचवीं की पढ़ाई पूर्ण शैक्षणिक सत्र के रूप में की हो।


प्रधानाचार्य ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि निःशुल्क आवास, भोजन, पुस्तकें, वर्दी और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।


उन्होंने पात्र अभिभावकों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपने बच्चों का ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि योग्य और मेधावी विद्यार्थी इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकें। आवेदन और विस्तृत जानकारी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।