Advertisement

नेरवा में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी अल्टो कार, 2 युवकों की मौके पर ही मौत

Spread the love

नेरवा। शिमला जिले के नेरवा क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। ग्राम पंचायत पुजारली के दोछी के पास किरी-नाव सड़क मार्ग पर एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 से 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। हालांकि, खाई काफी गहरी होने के कारण दोनों युवकों को बचाया नहीं जा सका।


मृतकों की पहचान नरेश कुमार (35) पुत्र अनंत राम, निवासी गांव दोछी, डाकघर रूसलाह, तहसील नेरवा, जिला शिमला तथा जितेन्द्र पुत्र धाजू राम, निवासी चाडचधार (धबास) के रूप में हुई है। नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) में मल्टीटास्क वर्कर के पद पर कार्यरत थे।


घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत नेरवा थाना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शवों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।