कांगड़ा, चंबा और सिरमौर में बेहद तेज बारिश की आशंका, शिमला समेत कई जिलों में रातभर भारी वर्षा का अनुमान
21 जुलाई तक बिगड़े रहेंगे मौसम के तेवर
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) शिमला ने रविवार शाम 20 जुलाई सुबह 9 बजे तक प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों के लिए बहुत भारी बारिश (Very Heavy Rain) का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार देर रात से सोमवार सुबह तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कांगड़ा, चंबा और सिरमौर में एक-दो स्थानों पर तेज से अति तीव्र बारिश होने की संभावना है। वहीं बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला, सोलन और ऊना में भी एक-दो स्थानों पर तेज बारिश के आसार हैं।
विभाग ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
21 जुलाई तक रहेगा भारी बारिश का दौर
जिलावार पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार 20 और 21 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है, जबकि शिमला, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, ऊना, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
हिमाचल में तापमान सामान्य, हमीरपुर सबसे गर्म
मौसम केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ और औसत अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। रविवार को हमीरपुर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, सड़क अवरुद्ध होने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों से प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।












