जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 20 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी व अशासकीय विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 20 जुलाई को देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम की गंभीर चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 20 जुलाई (सोमवार) को जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के आसपास न जाएं और मौसम विभाग व जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, जलभराव और सड़क अवरुद्ध होने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।












