रोटरी क्लब ऑफ शिमला मिडटाउन का लेडीज़ पार्क में आयोजन, 80 से 90 महिलाओं के शामिल होने की संभावना
शिमला। रोटरी क्लब ऑफ शिमला मिडटाउन की ओर से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार, 21 जुलाई को सुबह 11:30 बजे लेडीज़ पार्क में किया जाएगा।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन कवि खन्ना ने बताया कि कार्यक्रम में कमला नेहरू अस्पताल (KNH) की डॉ. आशा मारिया सहित दो विशेषज्ञ चिकित्सक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर महिलाओं को जागरूक करेंगे। इस दौरान गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, स्तनपान के महत्व, नवजात एवं बच्चों के टीकाकरण तथा मातृ स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बच्चों के टीकाकरण की समय-सारिणी (Vaccination Schedule Chart) भी वितरित की जाएगी, ताकि वे समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कर सकें।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 80 से 90 महिलाओं के भाग लेने की संभावना है। रोटरी क्लब ने सभी सदस्यों एवं आमंत्रित प्रतिभागियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया है।












